नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश द्वारा समाहरणालय सभाकक्ष में जन सुनवाई का आयोजन किया गया। जन सुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए लोगों ने अपनी समस्याएँ एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं। कुल 67 शिकायतें दर्ज की गईं। कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा कई शिकायतों का तत्काल निष्पादन किया गया, जबकि कुछ जटिल मामलों को संबंधित विभागीय अधिकारियों के पास जाँच एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजा गया।
जन सुनवाई में थाना-नेमदारगंज, साकिन-बरेव के मदन प्रसाद एवं उनके भाई द्वारा रंगदारी माँगने तथा नए मकान के निर्माण में बाधा डालने के संबंध में; अंचल-कौआकोल, टोला-बेलदरिया, ग्राम-छवैल के प्रकाश चौहान द्वारा शराब निर्माण नहीं रुकने के संबंध में; जिला-लखीसराय, थाना एवं ग्राम-विरूपुर के प्रभाकर कुमार द्वारा आधार में सुधार के संबंध में; थाना-कौआकोल, साकिन-दरावां के भगीरथ पासवान द्वारा किसान आईडी कार्ड के संबंध में; थाना-नेमदारगंज, साकिन-फुलमां के रामानंद सिंह द्वारा खाता एवं प्लॉट संख्या डिमांड पर चढ़ाने के संबंध में; महेन्द्र कुमार, होम लाइट एंड टेंट हाउस, नवादा द्वारा विद्युत विभाग में किए गए कार्यों के विपत्र भुगतान के संबंध में; थाना-नवादा, पो०-ननौरा, ग्राम-कुरमा के लालजीत रविदास द्वारा चापाकल के संबंध में आवेदन दिया गया। इसके अतिरिक्त अन्य लोगों द्वारा भी विभिन्न शिकायतें प्रस्तुत की गईं।
जिला पदाधिकारी ने सभी उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता द्वारा प्रस्तुत समस्याओं का शीघ्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।जन सुनवाई में आए लोगों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि, “आपकी समस्याओं का समाधान हमारी प्राथमिकता है। सभी मामलों का निष्पादन यथाशीघ्र किया जाएगा। जन सुनवाई में अपर समाहर्त्ता श्री अनिल कुमार तिवारी, ओएसडी श्री राजीव कुमार, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी डॉ० राजकुमार सिन्हा, प्रभारी जन शिकायत कोषांग, नवादा श्री मनोज चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट