नवादा : गृह विभाग (आरक्षी शाखा) में पुलिस अवर निरीक्षक के पद पर चयन हेतु अभ्यर्थियों की प्रारंभिक लिखित परीक्षा दिनांक 18 एवं 21 जनवरी 2026 को जिले में दो पालियों में सम्पन्न होगी। प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 10:00 बजे से मध्यान्ह 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 02:30 बजे से 04:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा कदाचारमुक्त, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफल आयोजन एवं विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करने हेतु जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में डीआरडीए सभागार में केन्द्राधीक्षक, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई। जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में कुल 21 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षा के सफल संचालन हेतु सभी परीक्षा केन्द्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। अर्थात प्रथम पाली में 09:30 बजे पूर्वाह्न तक एवं द्वितीय पाली में 02:00 बजे अपराह्न तक प्रवेश मान्य होगा।
परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश की अनुमति प्रथम पाली में 08:30 बजे पूर्वाह्न से तथा द्वितीय पाली में 01:00 बजे अपराह्न से दी जाएगी।परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र के मुख्य प्रवेश द्वार पर सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) के उपरांत ही अंदर जाने की अनुमति होगी। जिला पदाधिकारी ने परीक्षा केन्द्रों पर टैग किए गए दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना तलाशी के कोई भी परीक्षार्थी प्रवेश न करे। पुरुष परीक्षार्थियों की जांच पुरुष पुलिस बल तथा महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला पुलिस बल द्वारा हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के माध्यम से की जाएगी।
प्रवेश पत्र के अतिरिक्त कोई भी परीक्षार्थी अपने साथ अवांछित कागजात, लिखित सामग्री, प्रवेश पत्र पर किसी प्रकार का लेख, सादा कागज, क्लिप बोर्ड, स्लाइड रूल, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, रिस्ट वॉच, व्हाईटनर, इरेज़र, ब्लेड, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ उपकरण, डिजिटल डायरी, पामटॉप, पीडीए अथवा कोई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केन्द्र के अंदर लेकर नहीं जा सकेगा।प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर केन्द्राधीक्षक द्वारा वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
साथ ही सभी केन्द्राधीक्षकों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा केन्द्रों पर बिजली, पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। परीक्षार्थियों के शौचालय जाने एवं वापस आने के दौरान पुनः फ्रिस्किंग कराना अनिवार्य होगा।रिपोर्टिंग समय के पश्चात किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा केन्द्रों की बाउंड्री वॉल फांदकर या अन्य किसी अवैध माध्यम से प्रवेश करने वालों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्रारंभिक लिखित परीक्षा के स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन हेतु समाहरणालय में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसका दूरभाष नम्बर 06324-212261 है। नियंत्रण कक्ष में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही सुरक्षित स्टैटिक दंडाधिकारी एवं सुरक्षित जोनल दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में श्रीमती निरूपमा शंकर, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी एवं पु0नि0 श्री मनोज कुमार, प्रभारी लोक शिकायत निवारण कोषांग, पुलिस कार्यालय नवादा रहेंगे।
नियंत्रण कक्ष से पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त अग्निशमन, चिकित्सा सुविधा, ट्रैफिक व्यवस्था, बज्रवाहन/वॉटर कैनन एवं अश्रु गैस आदि की भी समुचित व्यवस्था की गई है, जिसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। अनुमंडल पदाधिकारी सदर द्वारा परीक्षा केन्द्रों के 500 गज की परिधि में BNSS की धारा-163 के तहत दिनांक 18.01.2026 (रविवार) एवं 21.01.2026 (बुधवार) को निषेधाज्ञा लागू की जाएगी। परीक्षा अवधि में अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा सतत गश्ती करते हुए विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित किया जाएगा।
परीक्षा के दिन विधि-व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में डॉ. अनिल कुमार तिवारी, अपर समाहर्त्ता नवादा-सह-अपर जिला दंडाधिकारी नवादा एवं श्री निशु मल्लिक, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), नवादा रहेंगे। बैठक में सिविल सर्जन, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अपर समाहर्त्ता, गोपनीय शाखा प्रभारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, डीसीएलआर, डीएसपी मुख्यालय, भू-अर्जन पदाधिकारी, प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सहित सभी केन्द्राधीक्षक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट