नवादा : समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारीयों श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में नगर विकास एवं आवास विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बुडको के परियोजना निदेशक श्री अभिषेक कुमार ने अवगत कराया कि मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत नगर क्षेत्र में स्वीकृत चार महत्त्वपूर्ण परियोजनाएँ—अम्बेडकर पार्क का विकास, जेपी चौक का विकास, पटेल चौक का विकास तथा भगत सिंह चौक का नवीनीकरण—पूर्ण रूप से संपन्न कर ली गई हैं। बस पौधारोपण कराया जाना शेष है।
इन चारों परियोजनाओं पर कुल ₹68,06,997 की स्वीकृत राशि व्यय कर कार्य पूर्ण किया गया है, जिससे इन स्थलों की सुंदरता, संरचना एवं उपयोगिता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। नगर परिषद अंतर्गत सिविल कोर्ट के पीछे से प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय होते हुए गोवर्धन मंदिर तक तथा हरिश्चंद्र स्टेडियम से प्रसाद विगहा तक सड़क निर्माण कार्य एजेंसी द्वारा कराया जा रहा है।
इस पर जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद को संबंधित एजेंसी द्वारा 24 जनवरी 2026 से पूर्व कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। मंगर विगहा पुल के पार से बुधौल होते हुए एनएच-20 तक नाला निर्माण कार्य प्रगति पर है।इसके अतिरिक्त योजना के अंतर्गत आठ अन्य प्रमुख परियोजनाएँ वर्तमान में निर्माणाधीन हैं, जिनमें तालाब एवं पार्क का नवीनीकरण, महादेव मोड़ से सिरोडाबर गाँव तक सड़क निर्माण, मेन रोड से चाँदनी चौक-मस्जिद-बाईपास तक आरसीसी नाला निर्माण जैसी आधारभूत संरचना से संबंधित परियोजनाएँ शामिल हैं। साथ ही, हरिश्चंद्र तालाब से सुमंगलम होटल होते हुए बरहईन पैन तक आरसीसी नाला निर्माण तथा गोवर्धन मंदिर से यादव चौक-वीआईपी कॉलोनी-गोनावा आहर तक नाला निर्माण हेतु टेंडर प्रक्रियाधीन है।
टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत इन कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा। इनसे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जल-जमाव की समस्या से राहत मिलेगी। कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद वारिसलीगंज ने बताया कि वारिसलीगंज नगर परिषद अंतर्गत थाना चौक से रेलवे गुमटी तक सड़क के दोनों ओर आरसीसी नाला निर्माण एवं सड़क विभाजक तथा ईंट की परत बिछाने का कार्य प्रगति पर है। समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी कार्यों को शीघ्रता एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।
उन्होंने सभी कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वर्ष 2024-25 की योजनाओं के लिए चयनित एजेंसियों द्वारा कार्य नहीं किए जाने की स्थिति में संबंधित एजेंसियों को काली सूची में डालने के साथ प्राथमिकी की कारवाई करें। इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद नवादा, हिसुआ एवं वारिसलीगंज तथा नगर पंचायत रजौली को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से कार्य-स्थलों का भ्रमण कर निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग करें तथा प्रतिवेदन तैयार कर मुख्यालय को समर्पित करें।
इसी क्रम में नगर परिषद हिसुआ, नगर परिषद वारिसलीगंज तथा नगर पंचायत रजौली के अंतर्गत संचालित विकास योजनाओं की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी कार्यों की प्रगति तेज करें, अधूरे कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करें। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त , कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद नवादा/हिसुआ/वारिसलीगंज, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत रजौली सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट