-उत्पाद पुलिस ने 30 हरे गांजा के पौधे जब्त किए
नवादा : जिले के मेसकौर प्रखंड सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के सहबाजपुर सराय गांव में उत्पाद पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गांव निवासी बुल्लू सिंह के घर पर छापेमारी कर चहारदीवारी के भीतर उगाए गए 30 हरे गांजा के पौधों की कटाई कर जब्त कर लिया।
इस दौरान आरोपित बुल्लू सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्पाद पुलिस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि सहबाजपुर सराय गांव में एक व्यक्ति अपने घर के अंदर अवैध रूप से गांजा की खेती कर रहा है।
सूचना की सत्यता की पुष्टि के बाद उत्पाद पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया और संबंधित स्थान पर छापेमारी की। टीम जब आरोपित के घर पहुंची तो देखा कि घर की चहारदीवारी के अंदर घेरवारी में कतारबद्ध तरीके से गांजा के पौधे लगाए गए थे। पुलिस ने तत्काल सभी गांजा के पौधों की कटाई कर उन्हें जब्त कर लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए थाने ले गई। जब्त किए गए सभी पौधे हरे और विकसित अवस्था में थे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उनकी नियमित देखभाल की जा रही थी।
सिंडिकेट की हो रही जांच
पूछताछ के दौरान आरोपित कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। उत्पाद पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस अवैध कारोबार से अन्य लोग भी तो जुड़े नहीं हैं।
इस बिंदु पर भी जांच जारी है कि गांजा की खेती कब से की जा रही थी और इसका इस्तेमाल या बिक्री कहां की जानी थी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध नशे की खेती, बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों में इस कार्रवाई के बाद चर्चा का माहौल है और पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट