नवादा : जिले में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक लड़की ने अपने पिता और परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लड़की ने दावा किया है कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है और अगर वह घर से नहीं भागती तो उसकी हत्या कर दी जाती। वीडियो गुरुवार 08/01/2026 को वायरल हुआ जिसके बाद जिले में चर्चा का विषय बन गया। वीडियो में नगर थाना क्षेत्र के माल गोदाम निवासी राजेंद्र प्रसाद की पुत्री जूली कुमारी अपने प्रेमी दिलीप कुमार वर्मा के पुत्र गोलू कुमार के साथ दिख रही है।
वीडियो में जूली कुमारी ने कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है। साथ ही उसने आरोप लगाया कि उसके घर में उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसके साथ मारपीट की जाती थी। लड़की ने यह भी कहा कि उसके प्रेमी पहले उसे ले जाने के लिए राजी नहीं था लेकिन उसके लगातार कहने पर वह मान गया। जूली कुमारी ने अपने पिता और परिवार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि वह घर से नहीं भागती तो उसकी हत्या कर दी जाती।
उसने यह भी चेतावनी दी कि यदि उसके प्रेमी के परिवार वालों को कुछ भी होता है तो इसके लिए उसके पिता और परिवार वाले जिम्मेदार होंगे। वीडियो के अंत में उसने कहा कि वे जहां भी हैं खुश हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि प्रेम करना गलत नहीं है, लेकिन अपने पिता और परिवार पर हत्या जैसे गंभीर आरोप लगाना बिलकुल उचित नहीं है।
भईया जी की रिपोर्ट