नवादा : कड़ाके की ठंड में जहां लोग गर्म कपड़ों और हीटर का सहारा ले रहे हैं, वहीं नवादा के अनुमंडल पदाधिकारी अमित अनुराग एक अनूठी मिसाल पेश कर रहे हैं। वे खुद शाम सात बजे के बाद शहर की सड़कों पर निकल पड़ते हैं और गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित करते हैं। इस पहल से ठंड की मार झेल रहे सैकड़ों लोगों को राहत मिल रही है। वर्तमान में नवादा में तापमान करीब 05 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है, जिससे शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है।
गरीबों को राहत
सड़कों पर सोने वाले फुटपाथी , रिक्शा चालक, मजदूर और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। ऐसे में एसडीओ अमित अनुराग की यह मुहिम सराहनीय है। वे व्यक्तिगत रूप से विभिन्न इलाकों में घूमकर जरूरतमंदों की पहचान करते हैं और उन्हें गर्म कंबल प्रदान करते हैं। यह अभियान लगातार जारी है, जिससे आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है। जिला प्रशासन भी ठंड से बचाव के लिए सक्रिय है। स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है, ताकि बच्चे सुबह की कड़ाके की ठंड से बचे रहें।
गरीबों में बांटा कंबल
एसडीओ की इस पहल को लोग मानवता की मिसाल” बता रहे हैं। एक लाभार्थी ने कहा, सर ने खुद आकर कंबल दिया, ठंड में यह बड़ी राहत है।”अमित अनुराग जैसे अधिकारी समाज सेवा और प्रशासनिक दायित्वों का बेहतरीन उदाहरण हैं। उनकी यह मुहिम न केवल ठंड से राहत दे रही है, बल्कि अन्य अधिकारियों के लिए भी प्रेरणा बन रही है। उम्मीद है कि यह अभियान और विस्तार लेगा, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड की वजह से परेशान न हो।
भईया जी की रिपोर्ट