नवादा : ट्रेन से बगैर टिकट यात्रा करने वाले सावधान हो जाएं! गया-किउल रेलवे खंड पर टिकट जांच के लिए स्थायी टीटीई की न केवल प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है, बल्कि जांच भी आरंभ हो गयी है। ऐसे में रेलवे से यात्रा करने वाले बेटिकट यात्रियों और बिना प्लेटफॉर्म टिकट घूमने वालों के लिए अब सतर्क होने का समय आ गया है। नवादा रेलवे स्टेशन सहित वारिसलीगंज और वजीरगंज स्टेशनों पर टिकट जांच को लेकर सख्त व्यवस्था लागू कर दी गयी है।
रेलवे प्रशासन द्वारा टिकट जांच के लिए टीटी की नियमित तैनाती की गयी है, जो अब प्रतिदिन प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के टिकट की जांच करेंगे। नवादा रेलवे स्टेशन पर तैनात टिकट चेकर विकास कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें प्लेटफॉर्म टिकट जांच की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। जांच के पहले ही दिन बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों से कुल 810 रुपये का जुर्माना वसूला गया। उन्होंने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
भईया जी की रिपोर्ट