नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र के सती स्थान मोहल्ले में भूत-पिचाश को लेकर उपजे विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गयी । मारपीट में एक महिला की मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान सती स्थान की रहने वाली सुधीर चौधरी की 35 साल की पत्नी किरण देवी के रूप में हुई है। मृतका अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गयी हैं।
क्या है पूरा मामला ?
अस्पताल परिसर में मौजूद परिजन संटू कुमार ने बताया कि तीन-चार दिनों से सती स्थान की रहने वाली स्व. तुलसी चौधरी के बेटे नरेश चौधरी और महेंद्र चौधरी के घर से पीड़ित सुधीर चौधरी की पत्नी किरण देवी और भाभी ललिता देवी के साथ भूत-पिचाश करवाने का आरोप लगाकर झगड़ा किया जा रहा था।
किरण देवी पर हुआ हमला
विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि नरेश चौधरी का बड़ा बेटा मुकेश कुमार, छोटा बेटा नटरु चौधरी और बेटी शोभा कुमारी, महेंद्र चौधरी की पत्नी किरण देवी और बहु बबीता देवी ने ईंट और लोहे के रॉड से घर में रही किरण देवी और ललिता देवी पर जानलेवा हमला कर दिया।
बचाने आया व्यक्ति जख्मी
महिलाओं को बचाने आए सुधीर कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गये। दूसरे पक्ष से दो लोगों के घायल होने की सूचना मिली है, जो प्राइवेट अस्पताल में अपना इलाज करवा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किरण देवी की हुई मौत
अस्पताल में ड्यूटी में रही डॉक्टर डॉ. इलिका भारती ने घायलों का इलाज किया। डॉक्टर ने बताया कि घायल किरण देवी का प्राथमिक इलाज के दौरान मौत हो गई और अन्य दो घायलों ललिता देवी और सुधार चौधरी का इलाज जारी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि सती स्थान में दो गोतिया के बीच विवाद चल रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। मारपीट में दोनों पक्षों से लगभग 4-5 लोग घायल हैं जबकि एक महिला की मौत हुई है।
पुलिस ने जुटाया साक्ष्य
पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य संकलन किया गया है। फॉरेंसिक टीम में रहे निदेशक रंजीत कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे एवं साक्ष्य संकलन किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। इसके साथ ही अग्रेत्तर कार्रवाई आरंभ कर दी गयी है।
भईया जी की रिपोर्ट