नवादा : जिले के सिरदला प्रखंड क्षेत्र के बांधी पंचायत नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का विधिवत उद्घाटन के साथ विवाह मंडप भवन का शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रिमोट के माध्यम से जिलेभर में नव निर्मित पंचायत सरकार भवनों का उद्घाटन फीता काटकर व दीप प्रज्ववलित कर किया। प्रखंड के बांधी पंचायत में पंचायत के सभी गांव व वार्ड क्षेत्र से सैकड़ों महिला पुरुष उद्घाटन समारोह में भाग लिया।
कार्यक्रम कि अध्यक्षता पंचायत मुखिया मोमिना खातून एवं मंच संचालन प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी बीरेंद्र चौधरी ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रजौली विधान सभा क्षेत्र के विधायक बिमल राजबंशी, बीडीओ दीपेश कुमार ने कार्यक्रम का सम्बोधन कर पंचायत स्तर के मिनी ब्लॉक से जनता को सभी सरकारी कार्य लेने व भवन को सुरक्षित रखने की अपील की।
इस अवसर पर पंचायत क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखा गया। ग्रामीणों और आमजन ने इस नए भवन को विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। मुखिया प्रतिनिधि मो शहाबुद्दीन अंसारी ने बताया कि पंचायत सरकार भवन बन जाने से ग्रामीणों को अब विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेना आसान होगा। पहले छोटे-छोटे कामों के लिए लोगों को गांव से कई किलोमीटर दूर प्रखंड मुख्यालय या अन्य कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। लेकिन अब सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
उद्घाटन के साथ ही पंचायत सरकार भवन में कार्यालय का कार्य शुरू कर दिया गया है। अब पंचायत से जुड़े सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन्म मृत्यु, छोटी छोटी घरेलू समस्या विवाद आदि सभी कार्य, योजनाओं की जानकारी और आम जनता की समस्याओं का समाधान इसी भवन से किया जाएगा। मौके पर उप सरपंच पूजा कुमारी रॉय, देवेंद्र राजबंशी, समिति लाली राजबंशी, राम प्रसाद, मो यूनुष, मो आयुष, पूर्व पैक्स अध्यक्ष चंद्रिका यादव, पैक्स अध्यक्ष बिजय यादव, जेई असलम अंसारी, भजपा मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा, रामशीष कुमार, सुरेश दास, बिजली चौधरी समेत दर्जनों जनप्रतिनिधि व सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट