नवादा : जिले के हिसुआ प्रखंड के बढ़ौना गांव में बंद कमरे में सो रहे पति की मौत बोरसी के धुएं से दम घुटने के कारण हो गई, जबकि पत्नी गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती है। मृतक की पहचान बढ़ौना निवासी 50 वर्षीय आली सिंह के रूप में की गई है। उनकी पत्नी 42 वर्षीय उमना देवी बताई गई हैं। घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि रात खाना खाकर पति-पत्नी एक कमरे में बोरसी लेकर सो रहे थे। दोनों सुबह काफी देर तक नहीं जागे। इसी बीच उनके घर में फर्नीचर का कार्य करने वाला बढ़ई मिस्त्री पहुंचा और दरवाजा बंद पाया।
तत्काल उसने आसपास के लोगों को जानकारी दी। परिजन और पड़ोसी कमरे का दरवाजा तोड़ कमरे में घुसे तो पति आली सिंह मृत अवस्था में बेड पर पड़ा मिला और पत्नी बेहोश अवस्था में मिली। महिला को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हिसुआ लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में नवादा रेफर कर दिया गया। आली सिंह गांव में ही खेती किसानी का कार्य किया करते थे। इसके पूर्व वे एक निजी स्कूल में अध्यापन कार्य किया करते थे। मृतक को एक पुत्र और तीन पुत्री भी हैं। परिजनों ने गया जी स्थित विष्णुपद मोक्ष धाम में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
भईया जी की रिपोर्ट