नवादा : जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में आकांक्षी जिला कार्यक्रम अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी द्वारा जिले में आकांक्षी जिला कार्यक्रम अंतर्गत चल रही योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि नीति आयोग द्वारा निर्धारित आकांक्षी जिला के विभिन्न मानकों में निरंतर सुधार आवश्यक है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों में प्रगति सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को सतत प्रयास करने का निर्देश दिया । साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया ।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को अपने-अपने विभागों अंतर्गत संचालित योजनाओं का नियमित एवं प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समीक्षा के क्रम में शिक्षा विभाग अंतर्गत मिडिल स्कूल केंदुआ, इंटर स्कूल रजौली सहित अन्य विद्यालयों से संबंधित कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई। पर्यटन एवं सांस्कृतिक स्थलों के अंतर्गत सेखोदेवरा आश्रम, ककोलत, इंटर स्कूल रजौली, पकरीबरावां, गोविंदपुर एवं करीगांव से संबंधित प्रस्तावों एवं कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत परियोजनाओं को स्वास्थ्य केन्द्रों में प्रतिस्थापित किए जाने से संबंधित प्रस्तावों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने, गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का मुख्य उद्देश्य आमजन को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना है।
समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम के अंतर्गत जिले की प्रगति संतोषजनक नहीं है। इस पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ये राज्य सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण एवं युवाओं से जुड़ी योजनाएँ हैं।दोनों योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन तथा प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब उनका प्रभावी क्रियान्वयन धरातल पर हो। उन्होंने निर्देश दिया कि आमजन के हित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर कार्य योजना तैयार की जाए तथा विभागवार लक्ष्य निर्धारित कर योजनाओं का निष्पादन किया जाए। साथ ही क्रियान्वित योजनाओं की उपयोगिता रिपोर्ट शीघ्र नीति आयोग को भेजने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी योजना, कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी स्वास्थ्य विभाग, जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट