– पिस्टल के बल पर लूटपाट मामले का पुलिस ने किया खुलासा
नवादा : नगर थाना क्षेत्र में लगातार लूट, छेड़खानी तथा अन्य आपराधिक कांडों में लिप्त तीन शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गये अपराधियों के पास से लूट के मोबाइल बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, नगर थाना कांड संख्या 1351/25 में फरार आरोपित शिव शंकर उर्फ छोटू को गोंदापुर सूर्यमंदिर के पास एक किराये के मकान से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दो अन्य अपराधियों को गढ़पर मुहल्ले से गिरप्तार किया गया। तीनों गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूट के मोबाइल बरामद हुए हैं।
एसडीपीओ सदर वन हुलास कुमार ने बताया कि नगर थाना कांड संख्या 1351/25 में मालगोदम संजीवन हॉस्पिटल के पास तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर एक व्यक्ति से मोबाइल तथा रुपये लूट की घटना को अंजाम दिया था। 31 दिसंबर को एक नाबालिग के साथ छेड़खानी का प्रयास किया था। पीड़ित परिजनों ने थाने में सूचना दी थी। इस मामले में पॉक्सो कांड दर्ज कर एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर वन के नेतृत्व में एसआइटी गठित कर कार्रवाई शुरू की गयी थी।
गठित टीम ने मानवीय इंटेलिजेंस तथा तकनीकी जांच के बाद एक शातिर अपराधी को धर दबोचा। उसकी निशानदेही पर दूसरे ठिकाने से दो अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी हुई। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के नेहालुचक गांव निवासी दिनेश यादव के बेटे शिव शंकर उर्फ छोटू, कोनिया पर निवासी सुजय सिंह के बेटे अमन कुमार तथा कादिरगंज थाना क्षेत्र के देवनपुरा गांव निवासी दिनेश पासवान के बेटे प्रथम कुमार के रूप में हुई है।
गिरफ्तार अपराधियों पर कई मामले दर्ज
एसडीपीओ सदर ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों ने नगर क्षेत्र के कई कांडों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। अपराधी अमन पर नगर थाने में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। नगर थाना कांड संख्या 1787/23, 113/25, 1056/25, 1351/25 तथा 184/18, 1127/19, 1358/21 में लूट, छेड़खानी सहित आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है।
उन्होंने बताया कि तीनों गिरफ्तार आरोपितों को फिलहाल पॉक्सो सहित लूट के मामले में न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बता दें कि इन दिनों नगर क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है। पिछले माह गोनावां स्थित मजार के पास मामूली बात को लेकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी थी। इस मामले में पुलिस ने करीब 18 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है।
भईया जी की रिपोर्ट