नवादा : जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने इवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन व वीवीपैट की सुरक्षा, रखरखाव और निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया से जुड़े उपकरणों की सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करना था। जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे, सीलिंग व्यवस्था, प्रवेश-निकास नियंत्रण तथा अभिलेखों की अद्यतन स्थिति की बारीकी से जांच की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ रखा जाये और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाये। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इवीएम व वीवीपैट की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
उन्होंने निर्देश दिया कि वेयरहाउस में सभी निर्धारित मानकों और भारत निर्वाचन आयोग से जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाये। इस दौरान अधिकारियों को नियमित जांच, रिकॉर्ड संधारण तथा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त कर आवश्यक सुधारात्मक सुझाव दिया। इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी महेश कुमार पासवान समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट