नवादा : जिला कुशवाहा सेवा समिति द्वारा निर्माण किये जा रहे नगर के मिर्जापुर रोड स्थित मौर्य नगर में निर्माणाधीन कुशवाहा छात्रावास को वित्तीय वर्ष 2026 में चालू करने का निर्णय लिया गया। नववर्ष की पूर्व संध्या पर आयोजित बैठक में इस महत्वाकांक्षी पहल को लेकर सदस्यों ने संकल्प दोहराया और क्षेत्रवासियों को नववर्ष की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
बैठक की अध्यक्षता समित अध्यक्ष अवकाश प्राप्त एएनएम श्रीमती ललिता कुमारी ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नए वर्ष में सभी सदस्यों के सहयोग तथा जिले के विभिन्न गांवों में समाज के लोगों के समर्थन से छात्रावास को शैक्षणिक गतिविधियों का केंद्र बनाया जाएगा। यहां छात्रों के लिए नियमित पठन-पाठन, क्विज प्रतियोगिताएं तथा करियर काउंसिलिंग की व्यवस्था की जाएगी।
निर्णय के अनुसार जिले के समाज के प्रतिभावान छात्रों को आधुनिक अध्ययन सुविधाओं के साथ सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जाएगा। स्थानीय कोचिंग संस्थानों के संचालकों एवं सेवा निवृत्त शिक्षकों के सहयोग से छात्रावास में उच्च कोटि की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की योजना है, ताकि ग्रामीण व आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को बेहतर अवसर मिल सके।सदस्यों ने विश्वास जताया कि कुशवाहा छात्रावास का संचालन समाज के छात्रों के शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
भईया जी की रिपोर्ट