नवादा : नववर्ष के जश्न में खपाने को ले झारखंड से विदेशी शराब की खेप लाये जाने की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एनएच-20 पर बोलेरो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गयी। शराब की कुल मात्र 166.125 लीटर आंकी गयी है। सभी शराब झारखंड निर्मित व विभिन्न ब्रांडों व साइज की बतायी जाती है।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव के समीप बरामद
पुलिस को झारखंड की ओर से विदेशी शराब की बड़ी खेप बोलेरो में भरकर लाये जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर एसएचओ संजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में मुफस्सिल पुलिस माधोपुर गांव के समीप रात से वाहन के आने का इंतजार कर रही थी। इसी बीच रात करीब 03 बजे बोलेरो के आने पर उसे रोकने की कोशिश की गयी परंतु बोलेरो पर सवार तस्कर वाहन को भगाने की मंशा से स्पीड तेज कर दिया और भागने लगा। पुलिस के पीछा करने पर बोलेरो आगे जाकर सड़क किनारे पलट गयी। मौके से रात के अंधेरे का फायदा उठाकर शराब तस्कर भाग निकला। पुलिस ने बोलेरो नंबर बीआर 27 पी 7221 जब्त कर लिया है।
फर्जी नंबर प्लेट होने की आशंका
वाहन की तलाशी के दौरान बोलेरो के भीतर से शराब के अलावा कई अन्य सामान मिले हैं। इनमें झारखंड नंबर के नंबर प्लेट भी शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि बोलेरो पर लगा नवादा नंबर का नंबर प्लेट नकली है। पुलिस को स्थानीय नंबर प्लेट लगाकर वाहन के लोकल होने का झांसा देने के लिए यह शराब तस्करों की हरकत हो सकती है।
पुलिस वाहन के चेसिस नंबर व इंजन नंबर से वाहन के असली मालिक की पहचान करने में जुटी है। पुलिस शराब के बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंकेज पता लगाने के लिए विभिन्न तकनीकों का इस्तेमाल कर रही है तथा शराब तस्करी में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
भईया जी की रिपोर्ट