नवादा : जिले में पौष ( दिसम्बर) माह के अंतिम सप्ताह में पड़ रही कड़ाके की ठंड व सनसनाती हवा ने लोगों का जीवन मुश्किल में डाल दिया है। आसमान से बरस रही शबनम की बूंदें ने रात्रि की ठंड को दुगना कर दिया है। ऐसे में गरीबों का रात कटना मुश्किल हो रहा है।
जिला प्रशासन ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए विद्यालयों के समय में परिवर्तन भले किया लेकिन विद्यालय बंद करने का आदेश निर्गत नहीं किया है। ऐसे में विद्यालय जा रहे बच्चे ठंड से बीमार पड़ रहे हैं। अभिभावकों ने विद्यालय बंद करने की मांग जिला प्रशासन से की है। वैसे ठंड में जिला प्रशासन द्वारा विद्यालय बंद करने का रिकॉर्ड नहीं है जिसका अनुसरण किया जा रहा है।
इस बीच गोविंदपुर प्रखंड मुख्यालय बाजार डीह पर मुहल्ले में राज्य अल्पसंख्यक आयोग सदस्य सह पूर्व मुखिया अफरोजा खातुन ने ठंड से बचने हेतु घर घर अलाव की व्यवस्था की है। ऐसा किये जाने से मुहल्ले के लोगों ने कुछ हद तक राहत की सांस ली है। अलाव जलाये जाने की निगरानी खुद कर रही है ताकि इसमें किसी प्रकार की कमी न हो। उन्होंने बताया कि अगली योजना गरीबों को कम्बल उपलब्ध कराने की है जिसकी तैयारियां आरंभ कर दी गयी है। एक दो दिनों के अंदर गरीबों को कम्बल उपलब्ध करा दिया जाएगा।
भईया जी की रिपोर्ट