नवादा : जिले से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। तिलैया स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर चल रही एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। भीषण हादसे में महिला की मौके पर मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
मृतका की पहचान जिले के नरहट प्रखंड के बड़ी पाली गांव निवासी रामस्वरूप यादव की पत्नी शकुंती देवी के रूप में हुई है। हादसा 18 दिसंबर का है। बताया जा रहा है कि भीषण ठंड और संभवतः कोहरे के कारण महिला को पीछे से आ रही गया-किऊल पैसेंजर ट्रेन की आहट सुनाई नहीं दी। ट्रेन का ड्राइवर लगातार हॉर्न बजाता रहा, लेकिन महिला ट्रैक से नहीं हटी और ट्रेन उसे रौंदती हुई निकल गई।
रील बनाने के दौरान कैमरे में कैद हुई मौत!
घटना का सबसे विचलित करने वाला पहलू इसका वीडियो है। बताया जा रहा है कि दूसरी पटरी से गुजर रही किसी अन्य ट्रेन में सवार यात्री या सोशल मीडिया के लिए रील बना रहे किसी युवक के मोबाइल में हादसा कैद हो गया। 20 दिसंबर को जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब जाकर ग्रामीणों और परिजनों को हादसे की भयावहता का अंदाजा लगा।
बड़ी पाली गांव के मुखिया धनंजय कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी तो गांव वालों को पहले ही मिल गई थी, लेकिन जब वीडियो सामने आया तो लोगों के होश उड़ गए। अब यह वीडियो गांव के हर व्यक्ति के मोबाइल में है और पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
भईया जी की रिपोर्ट