नवादा : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नवादा दौरा जिले की जनता को दिया जाने वाला एक धन्यवाद कार्यक्रम ही कहा जा सकता है। नवादा की जनता ने एनडीए को ऐतिहासिक जीत दिलाकर एक तरह से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के यहां कार्यक्रम देने के लिए आकर्षित कर लिया। और इस वजह से क्योंकि नवादा की जनता ने एक:चार के चुनावी गेम को 4 एक में बदल डाला। चलिए जानते हैं किस तरह से नवादा जिले के लिए आकर्षित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नवादा में योजनाओं की झड़ी लगा दी। नीतीश कुमार ने नवादा का बीते दिन दौरा किया था।
नवादा पर मेहरबानी की राजनीतिक वजह
यूं तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए सारा बिहार है। पर नवादा उनकी नजर में इस बार विशेष है। और विशेष हो भी क्यों नहीं। इस बार चुनावी जंग 2025 में नवादा की जनता ने बाजी पलट के रख दी। वर्ष 2020 के चुनाव में नवादा जिला में मात्र एक सीट एनडीए (बीजेपी) को मिली शेष सीटें महागठबंधन की झोली में चली गईं। रजौली से तब राजद के प्रकाश वीर, हिसुआ से कांग्रेस के नीतू कुमार, गोविंदपुर से राजद के मो. कामरान और नवादा से विभा देवी जीत हासिल की थी। 2025 में मामला उल्ट गया। राजद ने सिर्फ एक सीट वारसलीगंज जीती और शेष गोविंदपुर, रजौली, नवादा और हिसुआ से एनडीए के उम्मीदवार जीते। नवादा से जदयू, हिसुआ से भाजपा गोविंदपुर और रजौली से लोजपा (आर) के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की।
नवादा को मिला ‘जीत का तोहफा’
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को जिले के रजौली प्रखंड इलाके में पहुंचकर यहां की जनता को जीत का पुरस्कार देने आए। इस दौरान एक दर्जन योजनाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को कई निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा स्वास्थ्य और रोजगार में बढ़ोतरी बिहार सरकार की प्राथमिकता है।
उनके साथ बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चिरैला इंटर स्कूल के मैदान में हेलीकॉप्टर से उतरे। उतरने के साथ ही उन्होंने इंटर स्कूल का निरीक्षण किया। छात्र-छात्राओं से उनकी समस्याएं भी सुनी। छात्राओं ने बताया कि साइकिल, पोशाक और शिक्षा प्रोत्साहन राशि से हम सभी का काफी विकास हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के विकास के लिए कई व्यापक योजनाएं भी बनाई गई हैं। इसे शीघ्र अमली जामा पहनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को कई निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई कर मरीजों की बेहतर सेवा की बात कही। मुख्यमंत्री फुलवरिया जलाशय के पास पहुंचकर मछली पालन व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की बड़ी प्राथमिकता रोजगार भी है। इसके तहत मछली पालन का कार्य किया जा रहा है।
सोलर प्लांट से विद्युत उत्पादन के संयंत्रों का किया अवलोकन
नीतीश कुमार ने सोलर प्लांट से विद्युत उत्पादन के संयंत्रों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस संयंत्र को चालू किया जाए, ताकि रजौली के इलाके में बेहतर विद्युत उत्पादन हो सके। मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग, जीविका दीदियों द्वारा बनाए गए स्वयं सहायता समूह सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए 50 से अधिक स्टालों का निरीक्षण कर उन्होंने उत्पादन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। अपने 30 मिनट के कार्यक्रम के बाद नीतीश कुमार हेलीकॉप्टर से पटना के लिए रवाना हो गए।
भईया जी की रिपोर्ट