नवादा : जिले के हिसुआ नगर परिषद क्षेत्र के 9 वर्षीय बच्चे का शव पुलिस ने नहर से बरामद किया। मृतक शनिवार से लापता था। परिजनों ने बच्चे की हत्या का आरोप शिक्षक पर लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार ने शिक्षक को हिरासत में ले पूछताछ आरंभ की है। शव मिलने के बाद आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रशासन के निष्पक्ष कार्रवाई के आश्वासन के एक घंटा बाद जाम को हटा लिया गया।
घटना सोमवार को तब सामने आई, जब हिसुआ डीह डांगरा नहर से बच्चे का शव मिला। बच्चा शनिवार को पढ़ने गया था और उसके बाद से लापता था। परिजनों के अनुसार, शनिवार को शिक्षक ने बच्चे पर 600 रूपया चोरी का आरोप लगाकर परिजनों के सामने उसकी पिटाई की थी। पिटाई के बाद से बच्चा लापता था।
परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने ही बच्चे की हत्या की है। मृतक के पिता मिथुन कुमार ने बताया कि 9 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार की शिक्षकों ने मिलकर हत्या किया है। मृतक के पिता सीधा शिक्षक पर आरोप लगा रहा है। शव मिलने की सूचना पर स्थानीय लोग और परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने सड़क जाम कर शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने लगभग एक घंटा तक चले जाम को समझा-बुझाकर समाप्त कराया।
मृतक बच्चे की पहचान नालंदा जिला कतरी सराय थाना क्षेत्र के देवसपुरा के रूप में हुई है। वह हिसुआ मिडिल स्कूल में तीसरी कक्षा का छात्र था। उसके पिता हिसुआ में किराए के मकान में रहकर टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मृतक तीन भाई हैं। थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस आरोपी शिक्षक से पूछताछ कर रही है।
भईया जी की रिपोर्ट