अरवल – जिला में जीविका दीदियों द्वारा बड़े स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत, जीविका दीदियों ने घर-घर जाकर मतदाताओं को मतदान के महत्व के बारे में जानकारी दी और उन्हें 11 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में मतदान करने के लिए प्रेरित किया। जीविका दीदियों ने प्रभात फेरी, जागरूकता रैली, रंगोली और मेहंदी कार्यक्रम आयोजित किए।
मतदाताओं को मतदान के मायने और महत्व समझाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। जीविका दीदियों ने घर-घर जाकर मतदाताओं से व्यक्तिगत संवाद किया और उन्हें मतदान करने के लिए प्रेरित किया। अभियान के दौरान जीविका दीदियों ने “अरवल ने यह ठाना है, मतदान प्रतिशत बढ़ाना है”, “पहले मतदान, फिर जलपान”, “वोट देकर आयेंगे, लिट्टी चोखा खाएंगे” जैसे चुनावी स्लोगन के साथ तख्तियां लेकर मतदाताओं को मतदान करने को लेकर जागरूक किया।
इस अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक करना और उन्हें अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए प्रेरित करना है। जीविका दीदियों के प्रयासों से मतदाताओं में जागरूकता बढ़ी और वे मतदान करने के लिए प्रेरित हुए। इसी क्रम में अरवल सदर प्रखंड अबगिला गांव में जिला परियोजना प्रबंधक रागिनी कुमारी के मार्गदर्शन में जीविका दीदियों के द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में हर घर जाकर लोगों को 11 नवंबर को मतदान करने हेतु प्रेरित किया गया। इस अभियान में प्रखंड परियोजना प्रबंधक राजीव रंजन सहित कई जिला और प्रखंड स्तर के कर्मियों ने भाग लिया।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट