नवादा : जिले में गुरुवार रात ड्यूटी से लौट रही एक महिला कांस्टेबल सड़क हादसे में घायल हो गईं। घटना गया-नवादा मुख्य मार्ग पर मंडल कारा के पास की है। तेज रफ्तार बाइक ने कांस्टेबल को पीछे से टक्कर मार दी। घायल कांस्टेबल की पहचान निभा कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार महिला मंडल कारा में तैनात थीं और ड्यूटी खत्म कर वर्दी में घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया।
महिला कांस्टेबल की हालत गंभीर
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत निभा कुमारी को सड़क से उठाया। रात का समय होने के कारण स्थिति गंभीर हो सकती थी। सूचना मिलते ही 112 आपातकालीन सेवा की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल कांस्टेबल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह टक्कर जानबूझकर मारी गई या दुर्घटनावश हुई । फिलहाल महिला कांस्टेबल का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना स्थल मंडल कारा के पास होने के कारण पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है। अभी तक पुलिस की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
भईया जी की रिपोर्ट