नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित गोविंदपुर में शनिवार को हुई पुलिस ज्यादती के दोषी थानाध्यक्ष बलवीर कुमार को आईजी क्षत्रनिल सिंह ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके पूर्व उन्होंने गोविंदपुर पहुंच पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना का विवरण प्राप्त किया। उन्होंने शेष पुलिस अधिकारियों व जवानों की भूमिका की जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का आदेश निर्गत किया है।
इसके साथ ही की थानाध्यक्षों को इधर से उधर किया है। अब्दुल गफ्फार की डीएसपी में प्रमोशन के बाद रजौली व हिसुआ में अंचल पुलिस निरीक्षक की नियुक्ति की गयी है। रजौली अंचल पुलिस निरीक्षक के पद पर पुलिस केन्द्र से कौशलेंद्र व हिसुआ अंचल पुलिस निरीक्षक पद पर रंजीत कुमार की नियुक्ति की गयी है।गोविंदपुर के निलंबित थानाध्यक्ष का स्थान पूर्व में साइबर थाना से विजय कुमार को कमान सौंपा गया है।
हिसुआ के अंचल निरीक्षक रंजन चौधरी को पकरीबरावां थानाध्यक्ष का कमान सौंपा गया है। मृत्युंजय कुमार को मुफ्फसिल से हिसुआ, रंजीत सिंह को साइबर थाना से मुफ्फसिल के साथ अनिल कुमार सिंह को हिसुआ से साईबर थाना स्थानांतरित किया गया है। इससे संबंधित आदेश पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने जारी किया है। सूचना संबंधित को उपलब्ध कराई गई है। सभी स्थानांतरित व पदस्थापित अधिकारियों को अपने अपने स्थान पर योगदान देने का आदेश निर्गत किया गया है।