नवादा : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश के आलोक में विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा जिले के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विद्वान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार सुश्री शिल्पी सोनीराज के मार्गदर्शन तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री धीरेन्द्र कुमार पाण्डेय के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के प्रसिद्ध जैन मंदिर, सेखोदेवरा आश्रम (जयप्रकाश नारायण आश्रम), कौवाकोल तथा चामुंडा मंदिर, रूपौ में विधिक जागरूकता संबंधी गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
जैन मंदिर को जैन धर्म के अंतिम तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के प्रथम शिष्य गौतम गणधर स्वामी की निर्वाण भूमि माना जाता है, जहाँ गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक एवं श्रद्धालु आते हैं। सेखोदेवरा आश्रम, कौवाकोल स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लोकनायक जयप्रकाश नारायण से जुड़ा हुआ ऐतिहासिक स्थल है, जबकि चामुंडा मंदिर, रूपौ धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। इन सभी स्थलों पर पारा विधिक स्वयंसेवकों द्वारा विधिक जागरूकता संदेश प्रसारित किए गए।
जैन मंदिर एवं से से खोदेवरा आश्रम में दीपक कुमार तथा रामानुज कुमार, जबकि चामुंडा मंदिर, रूपौ में रविकान्त कुमार गोयल ने कार्यक्रम का संचालन कर आमजन को विभिन्न कानूनी अधिकारों एवं निः शुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी प्रदान की। जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके वैधानिक अधिकारों से अवगत कराना और न्याय तक उनकी आसान पहुँच सुनिश्चित करना है। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटन स्थलों पर आयोजित यह अभियान न केवल कानूनी साक्षरता को बढ़ावा देता है बल्कि पर्यटन स्थलों की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्ता को भी उजागर करता है।
भईया जी की रिपोर्ट