नवादा : जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, नवादा जिले में आपराधिक घटनाएं तेज़ी से बढ़ रही हैं। ताज़ा मामला हिसुआ से भाजपा के पूर्व विधायक अनिल सिंह पर हुए जानलेवा हमले का है। शुक्रवार को नारदीगंज के पास हिसुआ-राजगीर रोड पर अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाया, हालांकि वे किसी तरह जान बचाने में सफल रहे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हमला
पूर्व विधायक अनिल सिंह पटना लौट रहे थे, जब उनकी गाड़ी को एक अज्ञात वाहन ने ओवरटेक कर टक्कर मारी। इसके बाद जब ड्राइवर और साथ मौजूद भाजपा कार्यकर्ता गाड़ी से नीचे उतरे, तभी लाठी-डंडों से लैस दर्जनों हमलावर अचानक सामने आ गए और गाड़ी पर हमला बोल दिया।
समझदारी से बचाई जान
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अनिल सिंह तुरंत गाड़ी से निकले और तेजी से उसे आगे बढ़ा दिया। बाद में वे और उनके समर्थक किसी अन्य वाहन से सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। हमले में उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन जान-माल का बड़ा नुकसान होने से टल गया।
पुलिस जांच में जुटी
पूर्व विधायक ने नारदीगंज थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आशंका जताई कि अगर वे कुछ देर और रुकते, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
राजनीतिक तनाव बढ़ा
चुनाव से पहले इस तरह की घटना ने न सिर्फ प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मचा दी है। फिलहाल क्षेत्र में दहशत और असमंजस का माहौल बना हुआ है।
भईया जी की रिपोर्ट