नवादा : जिले के वारिसलिगंज प्रखंड क्षेत्र के दोसुत ग्राम पंचायत मुख्यालय में 111 फिट ऊंचा तिरंगा आन-बान-शान से फहराया गया। मौके पर माननीयों ने स्वाधीनता सेनानियों और बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि उनके शहादत पर हम भारतवासियों को गर्व है। मौके पर तीन टावर लाइट का उद्घाटन एमएलसी नीरज कुमार, सांसद विवेक ठाकुर, एमएलसी प्रो नवल किशोर यादव तथा वारिसलीगंज विधायक अरूणा देवी ने संयुक्त रुप से किया।
अपने संबोधन में एमएलसी सह जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता के लिए कई सेनानियों ने बलिदान दिया है, हमें इसका सम्मान करना चाहिए। यह राष्ट्रीय ध्वज हमारी शान है। हमें बचपन से ही इसका सम्मान करना सिखाया गया है। सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि तिरंगे झंडे के नीचे खड़े होकर आज गर्व महसूस हो रहा है। यह तिरंगा हमारे जिले के लिए गर्व की बात है, आज इसका लोकार्पण किया गया है, जो ऐतिहासिक दिन है।
स्वतंत्रता हमारे जीवन की अमूल्य निधि है, यह अनेक बलिदानों के पश्चात में मिली है। प्राे. नवल किशोर ने कहा कि टावर लाइट से लोगों को रोशनी की सुविधा मिलेगी। वहीं जदयू नेता डॉ रविकांत उर्फ अजय सिंह ने कहा कि दोसुत का इतिहास में आज एक कड़ी जुड़ी है, जिसके आप सभी साक्षी बने हैं। उन्होंने इसके लिए सबको बधाई के साथ आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने फलदार व छायादार पौधा लगा कर पर्यावरण का संदेश दिया।
भईया जी की रिपोर्ट