नवादा : नवादा विधानसभा में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। गांधी इंटर विद्यालय के मैदान में हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने महंगी गाड़ियों में घूमने वाले नेताओं पर कटाक्ष किया। शाहनवाज ने फॉर्च्यूनर में घूमने वाले नेताओं पर तंज कसते हुए जीएसटी का मुद्दा उठाया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में एनडीए की जीत का दावा किया। साथ ही कहा कि मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाएं बिना किसी धर्म या जाति के भेदभाव के सभी तक पहुंच रही हैं।
अशोक चौधरी का बयान
बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने महागठबंधन पर हमला बोला। उन्होंने 2005 से पहले के शासन को याद करते हुए बताया कि उस दौर में बिहार में 118 नरसंहार हुए। चौधरी ने 2001-2002 के नवादा जेल ब्रेक कांड का जिक्र करते हुए इसे अपराध का प्रतीक बताया। चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि 2005 के बाद बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ। उन्होंने दावा किया कि नीतीश सरकार ने जातीय हिंसा और अराजकता को समाप्त कर विकास का मार्ग प्रशस्त किया है।
बिहार विधानसभा चुनाव
ध्यान रहे कि बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव और अन्य महत्वपूर्ण चुनावों की तैयारियों को देखते हुए, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने पूरे राज्य में अपने कार्यकर्ता महासम्मेलन का आयोजन शुरू कर दिया है। इन सम्मेलनों में भाजपा, जनता दल (यूनाइटेड) और अन्य सहयोगी दलों के नेता और कार्यकर्ता बड़े उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं में जोश भरना और आगामी चुनावों के लिए रणनीति बनाना है। विभिन्न जिलों में आयोजित हो रहे इन सम्मेलनों में शीर्ष नेता, जैसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य केंद्रीय मंत्री, शामिल होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
भईया जी की रिपोर्ट