नवादा : जिले के हिसुआ नगर परिषद क्षेत्र के पांचू गढ़ मुसहरी में मंगलवार (26 अगस्त, 2025) की रात डायन के आरोप में एक महिला और उसके पति को पीटा गया. सिर मुंडवा दिया गया। घटना में पति की मौत हो गई जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहन मांझी सहित 18 लोगों 10 महिलाएं और आठ पुरुष को गिरफ्तार किया है। बार-बार डीजे बंद हो जा रहा था… इसी पर विवाद घटनास्थल पर एसपी अभिनव धीमान पहुंचे। पूरे मामले को उन्होंने समझा।
उन्होंने बताया कि मोहन मांझी के घर छठी का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान डीजे बार-बार बंद हो जा रहा था। लोगों ने गया मांझी (उम्र करीब 55 साल) और समुद्री देवी पर आरोप लगाया कि इन्हीं दोनों के कारण बार-बार डीजे बंद हो जा रहा है। डायन का आरोप लगाकर दोनों को पीटा गया। घटना में गया मांझी की मौत हो गई जबकि पत्नी समुद्री देवी बुरी तरह जख्मी हैं। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
एसपी ने कहा कि गया मांझी के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि कांड में जिन लोगों की संलिप्तता होगी उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। उधर मृतक गया मांझी की बहू ने बताया कि पांच साल से विवाद चल रहा था। रात में जेनरेटर बंद हो जा रहा था तो मेरी सास पर आरोप लगाया गया और घर से निकाल कर पिटाई के बाद मेरे ससुर की हत्या कर दी । सास की हालत गंभीर है।
भईया जी की रिपोर्ट