नवादा : जिला दवा विक्रेता संघ चुनाव को ले महिला मोर्चा ने तदर्थ समिति के मार्गदर्शन में सक्रिय भागीदारी दर्ज करायी। इस दौरान महिला मोर्चा की ओर से कुल छह प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों के लिए अपना नामांकन दाखिल कराया। अध्यक्ष पद-रूपलता देवी, सचिव पद-अंजू देवी, कोषाध्यक्ष पद-पुष्पा कुमारी, उपाध्यक्ष पद-मीना देवी, संयुक्त सचिव पद-सुष्मिता कुमारी और संगठन सचिव के लिए कुमारी प्रिया ने नामांकन का पर्चा दाखिल किया। सभी प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने के बाद शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में चुनाव कराने का आग्रह किया।
महिला मोर्चा की इस पहल को संघ के इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय दवा विक्रेताओं और संघ के सदस्यों ने महिला प्रत्याशियों की भागीदारी का स्वागत करते हुए कहा कि इससे संगठन में नई ऊर्जा और पारदर्शिता आयेगी। तदर्थ समिति ने बताया कि चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दवा विक्रेता संघ का चुनाव आगामी सात सितंबर 2025 को अमृत गार्डन गोनवां में संपन्न होगा। समिति ने विश्वास दिलाया कि चुनाव पूरी तरह से पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जायेगा। चुनाव को लेकर संघ के सदस्यों और उम्मीदवारों में उत्साह का माहौल है। महिला मोर्चा की भागीदारी से चुनाव रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक होने की संभावना जताई जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट