नवादा : जिले के राजद में सियासी घमासान मचा है। नवादा की विधायक विभा देवी और रजौली (सुरक्षित ) के विधायक प्रकाश वीर ने तेजस्वी यादव पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने 9 जुलाई को तेजस्वी के नवादा दौरे के बाद प्रेस वार्ता की। दोनों विधायकों ने तेजस्वी के काम करने के तरीके और नेतृत्व पर नाराजगी जताई। इससे राजद के अंदर की कलह खुलकर सामने आ गई।
बोले दोनों विधायक
विभा देवी ने कहा कि उन्होंने खून-पसीने से जिले में राजद को खड़ा किया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके परिवार के साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है और उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। जनता सब जानती है और उनके साथ है। वहीं, प्रकाश वीर ने भी तेजस्वी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता ही मालिक है और वही फैसला करेगी। उन्होंने हमेशा लोगों के हित में काम किया है, लेकिन कुछ लोग उन्हें बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं।
पार्टी छोड़ने का इरादा नहीं
इस दौरान दोनों विधायकों ने तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पार्टी के भविष्य पर सवाल उठाए, लेकिन यह भी दोहराया कि वे राजद छोड़ने का इरादा नहीं रखते। लेकिन जिस तरह से पार्टी में व्यवहार किया जा रहा है, वह ठीक नहीं है। अगर समय रहते बदलाव नहीं किया गया तो इसका असर आगे देखने को मिल सकता है।
9 जुलाई को क्या हुआ था
दरअसल, 9 जुलाई को तेजस्वी यादव के नवादा दौरे के दौरान जदयू के कई नेता राजद में शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में विभा देवी, मो. कामरान व प्रकाश वीर नहीं पहुंचे थे, जिससे विवाद और बढ़ गया। खबर है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विभा देवी के भाई विनोद यादव ने राजद के खिलाफ चुनाव लड़ा था, जिसके बाद से तेजस्वी के साथ उनका तनाव चल रहा था।
तेजस्वी यादव के लिए टेंशन
2025 के विधानसभा चुनाव से पहले राजद के लिए यह एक नई मुश्किल है। तेजस्वी यादव पहले से ही चुनाव आयोग और एनडीए पर हमला कर रहे हैं। अब पार्टी के अंदर इस तरह के विरोध से महागठबंधन की एकता पर सवाल उठ रहे हैं। जानकारों का मानना है कि विभा और प्रकाश के बयानों से राजद में गुटबाजी का पता चलता है, जो आने वाले चुनाव में पार्टी को नुकसान पहुंचा सकता है।
भईया जी की रिपोर्ट