नवादा : जिले में जून माह में पिछले चार वर्षों की तुलना में सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई । जिले में 150.8 एमएम वर्षा हुई है। यह जून माह के सामान्य वर्षापात से 112 प्रतिशत अधिक है। पिछले तीन वर्षों की तुलना में इस बार ढाई से पांच गुना तक अधिक वर्षा हुई है। जून माह अभी एक दिन शेष हैं। शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक 13 एमएम बारिश दर्ज की गयी जबकि शनिवार को पहली बार विराम लगा।
नवादा में बारिश
जून माह के 26 दिनों में केवल 10 दिन ही बिना बारिश के रहे हैं। सभी प्रखंडों में न्यूनतम 5 दिनों से लेकर अधिकतम 12 दिनों तक वर्षा हुई । कृषि मौसम वैज्ञानिक रौशन कुमार के अनुसार, अगले 3-4 दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि होगी। फिर इसमें गिरावट आएगी। राज्य का अधिकतम तापमान 31.8 से 37.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.5 से 30.2 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।
मौसम का मिजाज
आने वाले दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की स्थिति अनुकूल है। 08:30 बजे सुबह बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और ओडिशा और पश्चिम बंगाल के आसपास के तटीय क्षेत्रों में एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसके उत्तर ओडिशा और इससे सटे पश्चिम बंगाल के गंगीय क्षेत्र, झारखंड और छत्तीसगढ़ से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। चार वर्षों का औसत वर्षापात:- जून 2025, 150.8 एमएम बारिश। पूर्व में जून 2024, 65.9 एमएम, जून 2023, 35.36 एमएम, जून 2022 37.4 एमएम बारिश दर्ज की गई थी।
भईया जी की रिपोर्ट