नवादा : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के केना मोड़ पर विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान नालंदा जिले के कोरिऔना गांव निवासी संजय चौधरी की 20 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है।
काजल की शादी एक साल पहले केना मोड़ निवासी निक्कू चौधरी के पुत्र विकास चौधरी से हुई थी। शादी के बाद से ही छोटी-छोटी बातों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। भोजन बनाने को लेकर भी अक्सर विवाद होता और काजल को प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस ने मृतका का शव फांसी की रस्सी से लटका हुआ पाया।
घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए। घर में कोई सामान भी नहीं मिला। मृतका के परिजनों ने सास, ससुर, पति समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। मामले में शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।
भईया जी की रिपोर्ट