नवादा : बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक सह विधान पार्षद नीरज कुमार ने अकबरपुर अंचल अधिकारी की मनमानी पर अंकुश लगाने के साथ विधि सम्मत कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। उपरोक्त पत्र उन्होंने पूर्व प्रमुख रेणु देवी को बगैर कोई कारण परेशान किये जाने के आलोक में लिखा है।
बता दें रेणु देवी ने फतेहपुर में रैयती भूमि पर बने गड्ढे को भगवान शुरू किया था। अंचल अधिकारी ने थानाध्यक्ष को पत्र लिखकर ऐसा करने पर रोक लगवा दिया। आश्चर्य यह कि भूमि से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने के बावजूद वे मानने को तैयार नहीं हैं। इस प्रकार अंचल अधिकारी अपने पद का दुरुपयोग करते हुए मनमानी तरीके से विधायक के इशारे पर परेशान करने पर तुले हैं।
इसकी शिकायत विधान परिषद सदस्य के साथ जिला प्रभारी मंत्री से की गयी। पीड़ित द्वारा उपलब्ध कराये गये दस्तावेज के अवलोकन के बाद उन्होंने पाया कि अंचल अधिकारी द्वारा पद का दुरुपयोग करते हुए पूर्व प्रमुख को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। ऐसे में उन्होंने अपर समाहर्ता को पत्र लिखकर मनमानी पर रोक लगाते हुए विधि सम्मत कार्रवाई का अनुरोध किया है।
बता दें अंचल अधिकारी पदस्थापन के बाद से ही विवादों में रहे हैं। लेकिन इस बार तो ऐसे फंसे हैं कि खुद उपहास के पात्र तो बन ही गये हैं, भूमि विवाद को सुलझाने के बजाय उलझाने में लगे हैं। यहां तक उन्हें अपने अधिकारों तक की जानकारी नहीं है और अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर भूमि विवाद को अनावश्यक रूप से बढ़ावा दे रहे हैं। ऐसा करने से क्षेत्र में अनावश्यक तनाव उत्पन्न होना तय माना जा रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट