नवादा : अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के पचरुखी पंचायत की पिपरा गांव में शुक्रवार की देर शाम अचानक हुए वज्रपात की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी। मृतक पिपरा गांव निवासी सूरज महतो का 38 वर्षीय पुत्र अरुण महतो है। परिजनों ने बताया कि अरुण महतो घर से कुछ दूर पर खेत में मूंग फसल का निकोनी कर रहा था। इसी दौरान वज्रपात की चपेट में आ गया और घटनास्थल पर वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। ग्रामीणों के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर में इलाज के लिए लाया गया जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
घटना को लेकर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया ।घटना की जानकारी मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि ब्रह्मचारी प्रसाद, पैक्स अध्यक्ष संतोष कुमार पप्पु एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ता वहां पहुंचे और स्थानीय पदाधिकारी को जानकारी देते हुए मृतक के परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि देने की गुहार लगायी। मृतक की पत्नी, बच्चे सहित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। मृतक अपने पीछे दो बच्चे एवं पत्नी छोड़ चल बसे।
भईया जी की रिपोर्ट