नवादा : रजौली थाना क्षेत्र के चमरबिगहा गांव की एक लड़की शादी के महज छह दिनों बाद प्रेमी के साथ फरार हो गयी। परिजनों के दबाव के कारण प्रेमी ने युवती को उसके घर भेज दिया लेकिन, लड़का व लड़की पक्ष के सैकड़ों लोग न्याय की गुहार लेकर थाना पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, चमरबिगहा गांव की एक लड़की का विवाह इसी माह की छह तारीख को फतेहपुर के समीप एक गांव के युवक के साथ हुआ था। विवाह के बाद लड़की अपनी ससुराल गयी और महज छह दिनों बाद प्रेमी के साथ भाग गयी। घटना से सभी परिजन अचंभित रह गये व इसकी सूचना लड़की के परिजनों को दी। लड़की के परिजनों की ओर से दवाब बनाये जाने पर लड़की को प्रेमी ने उसके घर भिजवा दिया।
प्रेमी के साथ रहने पर अड़ी नवविवाहिता
लड़की के परिजनों का कहना है कि लड़की लाख समझाने-बुझाने पर भी अपने प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी है। लड़का पक्ष द्वारा भी लड़की को काफी मनाने का प्रयास किया जा रहा है, किंतु व्यर्थ साबित हो रहा है।
लड़का पक्ष ने बताया कि यदि लड़की नहीं मानेगी, तो उसका विवाह उसके प्रेमी से ही करवा दिया जाये। इस बाबत अपर थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि लड़की के परिजनों से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट