नवादा : गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र के थाली थाना क्षेत्र के दनियार गांव के समीप सोमवार की देर शाम चलती बाइक से गिरकर महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गयी। हादसा बुजुर्ग व्यक्ति को बचाने के प्रयास में हुआ। बाइक असंतुलित हो गयी और पीछे बैठी महिला गिर गयी, जिससे गंभीर रूप से जख्मी हो गयी। घायल महिला की पहचान रजौली प्रखंड के धमनी गांव निवासी सनोज पंडित की 24 वर्षीय पत्नी बबीता कुमारी के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि बबीता कुमारी अपने मायके झारखंड के असनाकोनी से ससुराल रजौली प्रखंड के धमनी जा रही थीं। बाइक पर अपने परिजन के साथ सवार थी। बाइक जैसे ही दनियार गांव के पास पहुंची कि सामने एक व्यक्ति आ गया जिसे बचाने के चक्कर में बाइक असंतुलित हो गयी। बबीता सड़क पर गिर गयी और गंभीर रूप से घायल हो गयी।
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोविंदपुर पहुंचाया। डॉ रवींद्र विश्वकर्मा ने प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि महिला के सिर में गंभीर चोट आयी है, तीन टांके लगाये गये हैं, कान से रक्तस्राव हो रहा है। घायल महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल परिसर में मौजूद घायल महिला के परिजन स्थिति को देख सिसक रहे थे। फिलहाल महिला की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
भईया जी की रिपोर्ट