नवादा : जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित जनता दरबार में आम जनता की समस्याओं को सुना एवं उनका समाधान किया। जनता दरबार में कुल 49 फरियादी उपस्थित हुए, जिनमें से अधिकांश की समस्याओं को सुना गया और उनका तत्क्षण समाधान किया गया। मुख्य रूप से जनता दरबार में भूमि विवाद, विद्युत समस्या, आपसी विवाद आदि से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
जनता दरबार में थाना रोह, पोस्ट कोशी, ग्राम बलियारी के विनोद कुमार द्वारा भूमि पर अवैध कब्जे से संबंधित, प्रखंड अकबरपुर, पंचायत सकरपुरा, पोस्ट तेयार, ग्राम मारूफपुर के शिवदानी प्रसाद द्वारा अतिक्रमणमुक्त कराने के संबंध में, थाना वारिसलीगंज, ग्राम दोसुत के परमानंद सिंह द्वारा रैयती जमीन के चौड़ीकरण के मुआवजा देने के संबंध में, थाना हिसुआ, पोस्ट बढ़ौना, ग्राम खुशिया विगहा के रामविलास यादव द्वारा चापाकल लगाने के संबंध में, अंचल नवादा, साकिन भदौनी के मो. मुख्तार शाह द्वारा भूमि बंदोबस्ती पर पर्चा निर्गत करने के संबंध में एवं थाना हिसुआ, बीच बाजार के अर्जुन राम द्वारा स्वयं की जमीन पर निर्माण नहीं करने देने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया।
जिलाधिकारी द्वारा कुछ आवेदनों को संबंधित पदाधिकारी से वार्ता कर स्थल पर ही निष्पादन कराया गया एवं अन्य आवेदनों को संबंधित पदाधिकारी के पास निपटारे हेतु अग्रसारित किया गया। जनता दरबार मुख्यमंत्री के सेवा सुशासन अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना एवं उन्हें आवश्यक सेवाएं प्रदान करना है।जनता दरबार में अपर समाहर्त्ता चन्द्रशेखर आजाद, गोपनीय शाखा प्रभारी राजीव कुमार, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी डॉ. राजकुमार सिंहा, आपदा प्रबंधन पदाधिकारी मनोज चौधरी सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट