नवादा : झारखंड राज्य कोडरमा जिला स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सिरदला बाजार शिवम अल्ट्रासाउंड केन्द्र पर छापामारी कर एक को गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार की कार्रवाई जिले के स्वास्थ्य महकमे के गाल पर तमाचा मारने के समान है। बताया जाता है कि झारखंड राज्य कोडरमा सिविल सर्जन को बिहार के सीमावर्ती रजौली व सिरदला में झारखंड राज्य की गर्भवती महिलाओं का भ्रूण लिंग परीक्षण किये जाने की गुप्त सूचना मिली। ऐसा किये जाने से झारखंड राज्य में लगातार लिंगानुपात में कमी आ रही थी।
सूचना सत्यापन के बाद छापामार दल का गठन किया गया। छापामार दल ने त्वरित कार्रवाई कर सिरदला प्रखंड के शिवम अल्ट्रासाउंड में छापामारी कर बजाप्ता वीडियोग्राफी कर वहां लिंग परीक्षण कर रहे एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई की जानकारी कोडरमा सिविल सर्जन ने जिले के पत्रकारों से साझा की है।
बता दें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खुले अल्ट्रासाउंड संचालकों द्वारा जमकर भ्रूण परीक्षण कर गर्भापात करा मोटी कमाई की जाती रही है। अखबारों व सोशल मीडिया पर ख़बरें प्रकाशित होने के बाद समाहर्ता द्वारा स्वास्थ्य विभाग टास्क फोर्स की बैठक में छापामार दल का गठन किया जाता रहा है। बावजूद कहां छापामारी होती है और क्या कार्रवाई होती है किसी को भनक तक नहीं लगती। ऐसे में झारखंड स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गयी कार्रवाई जिले के स्वास्थ्य विभाग के गाल पर तमाचा मारने के समान माना जा रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट