नवादा : जिले में प्रशासन की चौकसी के बावजूद सरस्वती पूजा मूर्ति विसर्जन के दौरान किशोर पर फायरिंग की गई। गोली किशोर के सर को छूकर निकल गयी जिससे किशोर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जानकारी के मुताबिक पुरानी रंजिश को लेकर किशोर को गोली मार कर जख्मी कर दिया गया। घटना नगर थाना क्षेत्र के मूसन बीघा गांव की है। जानकारी के मुताबिक सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान अचानक गोली चलने की आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे।
गोलीबारी में जख्मी किशोर को परिजनों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया , जहां सदर अस्पताल में तैनात चिकित्सक द्वारा जख्मी किशोर का इलाज जारी है। मिली जानकारी के अनुसार मूसन बीघा गांव में देर शाम सरस्वती मां की प्रतिमा का विसर्जन किया जा रहा था, तभी गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया। गोलीबारी में घायल युवक नगर थाना क्षेत्र के मूसन बीघा गांव के सुनील यादव का 14 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार बताया जाता है।
गोलीबारी में घायल पीयूष के बड़े भाई कौशल कुमार ने बताया कि पुरानी दुश्मनी को लेकर पड़ोस के पप्पू यादव, पिता इंद्रदेव यादव ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली पीयूष के सर को छूकर निकल गयी। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी बहन को गोली मारी गई थी, जिसका मामला नगर थाना में दर्ज है। पुनः सरस्वती पूजा मूर्ति विसर्जन के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना के बाद नगर थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल पुलिस वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं कर पाई है। गोलीबारी के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
भईया जी की रिपोर्ट