नवादा : जिले में मुखियाओं की मनमानी चरम पर है। हाल यह है कि:- खाता न बही, मुखिया जो कहे वही सही। मुखियाओं का साथ अधिकारियों ने भी दे रखा है। परिणाम है कि वार्ड सदस्य अपने आपको उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। जाहिर है जब पंचायत राज कानून की धज्जियां उड़ेगी तब वार्ड सदस्यों का ग़ुस्सा सातवें आसमान पर रहेगा। सो गुस्सा फूटने लगा है। पकरीबरावां प्रखंड क्षेत्र के डुमरांवा पंचायत की नौ वार्ड सदस्यों ने मुखिया रिंकू देवी के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है।
आरोप है कि मुखिया के कार्यकाल में कार्यकारिणी की बैठक के बगैर ही विकास कार्य कराया जा रहा है। ऐसे में योजनाओं की जमकर डुप्लीकेसी हो रही है तो अधिकारियों की मिलीभगत से राशि की बंदरबांट हो रही है। इस बात डीएम समेत तमाम अधिकारियों को आवेदन देकर पंचायत की योजनाओं की जांच करने की मांग की है। ऐसा न होने पर मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दिन 10 फरवरी से प्रखंड कार्यालय पर अनशन की चेतावनी दी है।
भईया जी की रिपोर्ट