नवादा : बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” का उद्देश्य राज्य के नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उन्हें सरल, सहज एवं सम्मानजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में आमजनों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में सुविधा प्रदान करने हेतु प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित की जाती है।
जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देशानुसार जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई। जिला स्तर पर समाहरणालय सभाकक्ष में प्रभारी जिला पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता डॉ. अनिल कुमार तिवारी की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित हुई। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों द्वारा कुल 11 शिकायतें दर्ज कराई गईं। कार्यक्रम के दौरान कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
जनसुनवाई में थाना वारिसलीगंज अंतर्गत ग्राम चांदपुर की बबीता कुमारी द्वारा रास्ता अवरुद्ध करने, ग्राम खोजपुरा के सनी कुमार द्वारा विद्यालय में नामांकन कराने, थाना सिरदला अंतर्गत ग्राम तारण के उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा धान अधिप्राप्ति की राशि नहीं मिलने तथा थाना रोह अंतर्गत ग्राम मोरमा के राजेन्द्र प्रसाद द्वारा रास्ता अवरुद्ध किए जाने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों द्वारा भी विभिन्न प्रकार की शिकायतें दर्ज कराई गईं। प्रभारी जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में नवादा सदर एवं रजौली अनुमंडल सहित जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
भईया जी की रिपोर्ट