नवादा : जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र ठेरा पंचायत की बहरोईचक गांव में शौच के लिए घर से निकले एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी। युवक का शव गांव के समीप महादेव बिगहा पुल के नीचे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान बहरोईचक गांव निवासी छोटे यादव के 37 वर्षीय पुत्र नवीन यादव के रूप में की गयी है। परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
शौच के लिए निकले थे नवीन यादव
परिजनों के अनुसार, नवीन यादव सोमवार की सुबह शौच के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान उनका शव महादेव बिगहा पुल के नीचे पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी।
परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका
मृतक के परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि नवीन यादव के पूरे शरीर पर चोट के निशान थे। इसी आधार पर परिजनों ने आशंका जतायी है कि उनकी मौत किसी हादसे में नहीं, बल्कि हत्या के कारण हुई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक अपने पीछे एक पुत्र और तीन पुत्रियां छोड़ गये हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने बताया कि समाचार प्रेषण तक थाने में कोई आवेदन नहीं दिया गया था। पुलिस मामले में अग्रेतर कार्रवाई कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
भईया जी की रिपोर्ट