पटना : पटना ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कोमल मीणा द्वारा मरांची एवं पंचमहला थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही मोकामा, हाथीदह, पंडारक, एनटीपीसी, बाढ़ एवं सालिमपुर थाना का औचक निरीक्षण भी किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कोमल मीणा ने थाना दैनिकी, हाजत, मालखाना, वायरलेस, सीसीटीएनएस प्रणाली, सिरिस्ता के कार्यों तथा विभिन्न लंबित कांडों के अनुसंधान की समीक्षा की। साथ ही थानों की कार्यप्रणाली एवं अभिलेखों के संधारण का बारीकी से अवलोकन किया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को वैज्ञानिक पद्धति से अनुसंधान करने, निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनुसंधान पूर्ण करने, कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा आमजन को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सतर्कता, जनसेवा तथा कानून-व्यवस्था के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, अपराध की रोकथाम एवं विधि-व्यवस्था के प्रभावी संधारण के लिए रात्रि गश्ती एवं वाहन जांच को और अधिक प्रभावशाली बनाने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट