नवादा : जिले के छोटे से गांव नरहट प्रखंड क्षेत्र के छोटा शेखपुरा से निकलकर अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर उद्योग और शिक्षा के क्षेत्र में अलग पहचान बनाने वाले उद्योगपति फसीहुद्दीन उर्फ फसीर अहमद को डाक्टेरेट की उपाधि मिलना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। व्यवसाय की व्यस्त दुनिया के बीच शिक्षा और शोध के लिए समय निकालकर झारखंड राज्य के रांची विश्वविद्यालय के 39 वें दीक्षांत समारोह में उन्होंने विधिवत डाक्टेरेट की उपाधि प्राप्त की।
मगध विश्वविद्यालय से स्नातक और पुणे से एमबीए करने के बाद उन्होंने उद्योग जगत में अपनी पहचान बनाई। आज वे डायमंड ग्रुप आफ कंपनीज के प्रबंध निदेशक और अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के रूनीपुर ब्लेस इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन हैं।
एग्रो-टेक, कृषि, औद्योगिक प्रबंधन और झारखंड के डेयरी सेक्टर में उनके योगदान ने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई है। छोटे गांव से बड़े सपनों तक का यह सफर उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है जो मेहनत और शिक्षा के दम पर अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। उन्होंने अपने दम पर यह सिद्ध कर दिखाया है कि गांव छोटा हो सकता है, लेकिन सपने और हौसले कभी छोटे नहीं होने चाहिए।
भईया जी की रिपोर्ट