नवादा : जिले के रजौली ब्लॉक परिसर में मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कारण एक विशालकाय सीमर का पेड़ अचानक उखड़कर सरकारी कार्यालय भवन की छत पर जा गिरा जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हुआ सो अलग।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेड़ का भारी-भरकम तना सीधे भवन के ऊपर आ गिरा, जिससे छत को नुकसान पहुंचा है।उस पर स्थापित सोलर पैनल तथा संरचनाएं भी इसकी चपेट में आ गईं। साथ ही पेड़ के भारी दबाव से ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार टूटकर लटक गए और विद्युत नेटवर्क ध्वस्त होने से ब्लॉक परिसर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। नीचे खड़ी मोटरसाइकिलें भी टहनियों के नीचे दब गईं।
मामले की पुष्टि करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने बताया कि सुबह-सुबह तेज आंधी और बारिश के कारण पेड़ गिरा था, लेकिन गनीमत रही कि घटना के वक्त भवन के पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
बीडीओ ने कहा कि भवन की दीवार और संरचना को आंशिक नुकसान पहुंचा है। घटना के तुरंत बाद वन विभाग से समन्वय स्थापित कर पेड़ को कटवाकर परिसर से पूरी तरह हटवा दिया गया।विद्युत आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने और व्यवस्था को सामान्य बनाने के लिए मरम्मत कार्य तेजी से जारी है।
भईया जी की रिपोर्ट