नवादा : जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर एसडीपीओ पकरीबरावां सुजय विद्यार्थी के नेतृत्व में वारिसलीगंज पुलिस ने बीती रात गुप्त सूचना के आधार पर मोहिउद्दीनपुर गांव के समीप छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने छह संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों के पास से 11 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में साइबर ठगी के संगठित गिरोह का खुलासा
एसडीपीओ ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में साइबर ठगी के एक संगठित गिरोह का खुलासा हुआ है। सभी आरोपित रक्षाबंधन के नाम पर आकर्षक ऑफर देने के साथ बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस समेत विभिन्न प्रकार के लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।
कस्टमर डाटा से लोगों को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी करने वाले आरोपितों के पास ग्राहकों का डाटा उपलब्ध रहता था। इसमें लोगों के मोबाइल नंबर, नाम और पते जैसी निजी जानकारी शामिल थी। आरोपित इसी कस्टमर डाटा में दर्ज मोबाइल नंबरों पर संपर्क करते थे और लोन दिलाने के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर ठगी करते थे।
11 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 11 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस बरामद मोबाइल फोन की जांच कर रही है। इसके माध्यम से गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और साइबर ठगी के संभावित मामलों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
छह आरोपितों के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी
इस मामले में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 625/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पंकज कुमार, पिता सुरेश राम, लक्ष्मण कुमार, पिता मोहन प्रसाद, नितीश कुमार, पिता स्व. सुभाष प्रसाद, कुंदन कुमार, पिता प्रमोद मिस्त्री, तरुण कुमार, पिता विदेश्वरी प्रसाद और पिंटू कुमार, पिता नागेंद्र मिस्त्री के रूप में हुई है।
छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
छापेमारी दल में वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी, पुलिस अवर निरीक्षक रामकेश्वर उरांव, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार राय और सहायक अवर निरीक्षक पप्पू कुमार शामिल थे। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
भईया जी की रिपोर्ट