नवादा : दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण आंदोलन की अनुमति नहीं देने और आंदोलनकारियों के साथ पुलिस द्वारा कथित मारपीट व हिरासत में लिये जाने के विरोध में नवादा में सवर्ण समाज के लोगों ने आक्रोश मार्च निकाला। मार्च का आयोजन सामान्य जाति संघर्ष मोर्चा के बैनर तले किया गया जिसमें दर्जनों नौजवान और सवर्ण समाज के लोग शामिल हुए।
आक्रोश मार्च के लिए न्यू एरिया स्थित आरएमडब्ल्यू कॉलेज के समीप स्वर्गीय डॉ श्रीकृष्ण सिंह स्मारक हॉल के पास लोग जुटे। यहां से कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों और सवर्ण समाज के अधिकारों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सवर्ण समाज के साथ भेदभाव समाप्त करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने समानता और मौलिक अधिकारों का मुद्दा उठाया। वक्ताओं ने कहा कि सवर्ण समाज के लोगों को भी समान अवसर और अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने वाले आंदोलनकारियों के साथ कथित पुलिस कार्रवाई की निंदा की। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ ‘मोदी हाय-हाय’ के नारे लगाये। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना जरूरी है।
मोर्चा के नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि समानता और अधिकारों की मांग को लेकर है। उन्होंने सवर्ण समाज के लोगों से एकजुट रहने की अपील की।आक्रोश मार्च के दौरान सामान्य जाति संघर्ष मोर्चा के राजेश कुमार, साहिल कुमार सिन्हा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने की बात कही।
भईया जी की रिपोर्ट