नवादा : जिले के सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के मिल्की बेलदारी गांव में जमीन विवाद को लेकर दो गोतिया पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट की घटना में 60 वर्षीय साधु चौहान की मौत हो गयी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जमीन विवाद को लेकर शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और मारपीट शुरू हो गयी। इसी दौरान साधु चौहान गंभीर रूप से घायल हो गये और उनकी मौत हो गयी।
परिजनों ने चार लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों ने रामप्रसाद चौहान के पुत्र श्यामा चौहान, श्रवण चौहान के पुत्र विकास चौहान, पिंटू चौहान और विपिन चौहान पर लाठी, भाला और कटनी से हमला कर साधु चौहान की हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारण और मौत के तरीके की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो पायेगी।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सीतामढ़ी पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर विवाद के कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जानकारी जुटायी।

तनाव को देखते हुए पुलिस रख रही नजर
सीतामढ़ी थानाध्यक्ष पप्पू शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
भईया जी की रिपोर्ट

