नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए चार धंधेबाजों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीन बाइकों के साथ कुल 186 लीटर शराब जब्त की। कार्रवाई थानाध्यक्ष रणजीत कुमार के निर्देश पर की गई। दूसरी ओर पुलिस ने न्यायालय से निर्गत वारंट के आधार पर एक वारंटी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चारों शराब धंधेबाजों और वारंटी को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पहवाचक के पास बाइक से 129 लीटर शराब बरामद
थाने में पदस्थापित एसआई अरविंद पासवान एवं एएसआई जयप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस बल ने पहवाचक गांव के समीप छापेमारी की। इस दौरान एक बाइक पर लदी 129 लीटर शराब बरामद की गई। मौके से तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सिरदला थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी मनोज साव के पुत्र जितेंद्र कुमार, चिरैया गांव निवासी विनोद राजवंशी के पुत्र चंदन कुमार और धीरौंध गांव निवासी दिलीप प्रसाद के पुत्र कमलेश कुमार के रूप में हुई है।
महियारा-मुरहेना रोड से 57 लीटर शराब के साथ युवक गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई महियारा-मुरहेना रोड स्थित पैन के समीप की गई। पुलिस ने एक बाइक पर लदी 57 लीटर शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान नेमदारगंज थाना क्षेत्र के लोहानीपुर गांव निवासी लखन राजवंशी के पुत्र सुजीत राजवंशी के रूप में हुई है।
जब्त बाइकों और आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि जब्त बाइकों और गिरफ्तार धंधेबाजों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
वारंटी गिरफ्तार
शराब के खिलाफ कार्रवाई के अलावा पुलिस ने न्यायालय से निर्गत वारंट के आलोक में ग़रिबा गांव निवासी स्व. अजय प्रसाद के पुत्र रामवीर कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ न्यायालय से वारंट निर्गत था। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार चारों शराब धंधेबाजों और वारंटी को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट