नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र के दोपटा गांव के पास उत्पाद विभाग ने 150 लीटर महुआ शराब के साथ तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की बाइक जब्त कर ली गई।
बोरे में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब
उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में होंडा शाइन बाइक पर प्लास्टिक के बोरे में छिपाकर ले जाई जा रही 150 लीटर चुलाई महुआ शराब बरामद की गई। गिरफ्तार तस्कर की पहचान मुरहेना गांव के अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।
सीमावर्ती इलाके में गश्त के दौरान मिली सफलता
उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्र ने बताया कि बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित चितरकोली समेकित जांच चौकी पर लगातार वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में गश्त तेज कर दी गई है। गुप्त सूचना के आधार पर दोपटा गांव के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
एफआईआर दर्ज, भेजा गया न्यायिक हिरासत में
जब्त शराब और बाइक को उत्पाद विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ बिहार उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भईया जी की रिपोर्ट