पटना/जहानाबाद : जहानाबाद के जिलाधिकारी छिरिंग वाई. भूटिया एवं उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पीयूष ने बिहार ग्रामीण आजीविका संवर्धन सोसायटी (जीविका) की आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना के अंतर्गत दो जीविका दीदियों को इलेक्ट्रिक ऑटो की चाबी सौंपकर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। योजना के तहत काको प्रखंड के भोला स्वयं सहायता समूह की चमेली देवी तथा मखदुमपुर प्रखंड के रानी स्वयं सहायता समूह की सुमन देवी को इलेक्ट्रिक ऑटो उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने दोनों लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने लाभार्थियों से वाहन का नियमित एवं सुरक्षित संचालन करने, समय-समय पर उसकी सर्विसिंग कराने तथा अन्य जीविका दीदियों को भी स्वरोजगारपरक योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पीयूष ने बताया कि आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना के तहत दोनों लाभार्थियों को इलेक्ट्रिक ऑटो खरीदने के लिए ₹3.50 लाख की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा ग्रामीण परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना है। कार्यक्रम में डीआरडीए निदेशक डॉ. रोहित कुमार मिश्रा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सुजीत कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम), जीविका सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट